scorecardresearch

IndiGo की फ्लाइट में अब बिजनेस क्लास में मिलेगी खास सुविधा! सीट बन जाएगी बेड, जानें क्या है कंपनी का प्लान

IndiGo अब हवाई सफर का अंदाज बदलने की तैयारी में है। कम किराए वाली फ्लाइट्स के लिए मशहूर एयरलाइन अब यात्रियों को बेड जैसी आरामदायक सीटों की सुविधा देने वाली है। कंपनी ने नए विमानों और इंटरनेशनल रूट्स को लेकर खास प्लान बनाया है। जानिए कब मिलेगी यह सुविधा।

Advertisement

In Short

  • IndiGo के नए Airbus A350 विमानों की बिजनेस क्लास में 16 लाई-फ्लैट सीटें मिलेंगी, जो बेड में बदल सकेंगी।
  • कंपनी को साल 2028 की दूसरी तिमाही में पहले Airbus A350-900 विमान मिलने की उम्मीद है।
  • IndiGo अपने इंटरनेशनल नेटवर्क को बढ़ाने के लिए मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट पर खास फोकस कर रही है।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो अब यात्रियों को पहले से ज्यादा आरामदायक हवाई सफर देने की तैयारी कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक कम किराए वाली फ्लाइट्स के लिए पहचानी जाने वाली कंपनी अपनी इंटरनेशनल सर्विस को और बेहतर बनाना चाहती है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले बिजनेस यात्रियों पर कंपनी का फोकस है। इसके लिए इंडिगो अपने नए विमानों में कई बदलाव करने जा रही है। आइए जानते हैं कि यात्रियों को क्या नई सुविधाएं मिलेंगी, विमान कब आएंगे और कंपनी का आगे का प्लान क्या है।

advertisement

इंडिगो की बिजनेस क्लास में मिलेंगी 16 बेड जैसी सीटें

इंडिगो अपने नए एयरबस ए350 विमानों में तीन तरह की सीटिंग कैटेगरी देने जा रही है। इनमें बिजनेस क्लास, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी क्लास शामिल होंगी।

सबसे खास बात यह है कि बिजनेस क्लास में 16 लाई-फ्लैट सीटें होंगी। इन सीटों को पूरी तरह पीछे झुकाकर बेड की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे लंबी दूरी की फ्लाइट में यात्रियों को आराम करने और सोने की सुविधा मिलेगी।

कब आएंगे नए एयरबस ए350 विमान?

इंडिगो के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) विली वॉल्श ने नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि कंपनी को पहले एयरबस ए350-900 विमान साल 2028 की दूसरी तिमाही में मिलने की उम्मीद है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कंपनी ने शुरुआती 10 विमानों के लिए सीटों का डिजाइन और केबिन कॉन्फिगरेशन फाइनल कर लिया है। इन विमानों के जरिए इंडिगो लंबी दूरी की इंटरनेशनल फ्लाइट्स में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है।

घरेलू बाजार में इंडिगो की 65% हिस्सेदारी

इंडिगो पहले से ही भारत के घरेलू एविएशन मार्केट में सबसे बड़ी एयरलाइन है। घरेलू बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 65% है।

अब कंपनी इंटरनेशनल मार्केट में भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। इसके लिए एयरबस ए350 विमानों की अहम भूमिका होगी। ये विमान कंपनी की मौजूदा एयरबस ए321 एक्सएलआर सर्विस के साथ मिलकर लंबी दूरी के रूट्स पर काम करेंगे।

एम्स्टर्डम के लिए जारी रहेंगी फ्लाइट्स

इंडिगो पहले बोइंग 787-9 विमानों को डैम्प लीज पर लेकर लंबी दूरी की इंटरनेशनल फ्लाइट्स चला चुकी है। हालांकि, बाद में कंपनी ने इन सेवाओं को बंद कर दिया था।

विली वॉल्श के मुताबिक, एयरबस ए350 विमानों के आने तक इंडिगो एम्स्टर्डम के लिए एयरबस ए321 एक्सएलआर की उड़ानें जारी रखेगी। इसका मकसद वहां एयरपोर्ट स्लॉट्स को बनाए रखना है, ताकि भविष्य में कंपनी को अपनी फ्लाइट्स चलाने में परेशानी न हो।

मुंबई और नवी मुंबई पर बड़ा फोकस

इंडिगो अपनी लंबी दूरी की इंटरनेशनल सर्विस बढ़ाने के लिए मुंबई और आने वाले नवी मुंबई एयरपोर्ट को काफी अहम मान रही है।वहीं, कंपनी फ्यूल हेजिंग पॉलिसी की भी समीक्षा कर रही है। इसमें एयरलाइंस ईंधन की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से बचने की कोशिश करती हैं।

advertisement

विली वॉल्श ने साफ किया कि जब तक यह समीक्षा पूरी नहीं हो जाती, तब तक इंडिगो की फ्यूल हेजिंग शुरू करने की कोई योजना नहीं है।