भारतीय बैंकों में नकदी का संकट! ₹11 लाख करोड़ से घटकर ₹46,200 करोड़ रह गया सरप्लस, रुपये को बचाने की कोशिश बनी वजह?
भारतीय बैंकों में नकदी की कमी तेजी से बढ़ रही है। कुछ ही हफ्तों में बैंकों के पास मौजूद अतिरिक्त पैसा काफी घट गया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके पीछे RBI की एक खास रणनीति हो सकती है। आखिर रुपये को बचाने की कोशिश से बैंकों और कर्ज की लागत पर क्या असर पड़ेगा?

In Short
- भारतीय बैंकों का कैश सरप्लस 11 लाख करोड़ रुपये से घटकर सिर्फ 46,200 करोड़ रुपये रह गया।
- रुपये में गिरावट रोकने के लिए RBI ने बैंकिंग सिस्टम में नकदी की सप्लाई सीमित रखी है।
- - बैंकों की फंडिंग लागत बढ़ी, तीन और छह महीने के सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट की दरें सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचीं।
भारतीय बैंकों में नकदी की कमी तेजी से बढ़ रही है। ब्लूमबर्ग रिपोर्ट के मुताबिक रुपये में गिरावट रोकने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बाजार में पैसों की सप्लाई सीमित रखी है। इसका असर अब बैंकों के साथ दूसरे फाइनेंशियल संस्थानों पर भी दिखने लगा है। बैंकिंग सिस्टम में कितनी नकदी बची है, RBI क्या कदम उठा रहा है और आगे उधारी कितनी महंगी हो सकती है, इसे समझते हैं।
बैंकों का कैश सरप्लस तेजी से घटा
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय बैंकों के पास मौजूद अतिरिक्त नकदी सितंबर की शुरुआत में रिकॉर्ड 11 लाख करोड़ रुपये (116 अरब डॉलर) थी। लेकिन 26 अक्टूबर तक यह घटकर सिर्फ 46,200 करोड़ रुपये रह गई।
ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स के इंडेक्स से यह जानकारी सामने आई है। यानी करीब दो महीने में बैंकिंग सिस्टम से बड़ी मात्रा में अतिरिक्त नकदी कम हो गई है।
रुपये को बचाने के लिए RBI की सख्ती
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत में रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब पहुंच गया था। इसके बाद RBI ने रुपये को संभालने के लिए कई बड़े कदम उठाए।Emkay Global Financial Services की चीफ इकोनॉमिस्ट माधवी अरोड़ा का कहना है कि नकदी की यह कमी जानबूझकर बनाए रखने की कोशिश लगती है।
उनके मुताबिक, RBI चाहता है कि रुपये में और गिरावट पर दांव लगाना महंगा हो जाए। जब रुपये में उधार लेने की लागत बढ़ती है, तो डॉलर खरीदकर मुनाफा कमाने की कोशिश भी महंगी पड़ती है।
RBI ने कितनी नकदी दी?
रिपोर्ट के मुताबिक, RBI ने अब तक बैंकों को नकदी उपलब्ध कराने की सीमा 1.5 लाख करोड़ रुपये रखी है।कुछ दिनों में बैंकों की मांग इससे ज्यादा रही, लेकिन RBI ने अतिरिक्त पैसा नहीं दिया।
IDFC First Bank और Emkay Global के एनालिस्ट्स का मानना है कि नकदी की कमी आगे भी बनी रह सकती है।
बैंकों के लिए उधार लेना हुआ महंगा
नकदी की कमी के कारण बैंकों के बीच रातभर के लिए उधार लेने की ब्याज दरें RBI की पॉलिसी रेंज की ऊपरी सीमा के करीब पहुंच गई हैं।RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को कहा कि फाइनेंशियल स्टेबिलिटी से जुड़े जोखिमों को संभालने के लिए मॉनेटरी पॉलिसी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि रुपये को संभालने के लिए ब्याज दरों के इस्तेमाल पर पॉलिसी कमेटी विचार करती है।
सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचीं दरें
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, पिछले हफ्ते नए तीन और छह महीने के सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट की दरें करीब 40-50 बेसिस पॉइंट बढ़कर सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं।
इससे बैंकों की फंडिंग लागत बढ़ रही है। इसका असर नॉन-बैंकिंग लेंडर्स पर भी पड़ सकता है।
आगे और महंगा हो सकता है कर्ज?
Capri Global Capital के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय मंगलुनिया के मुताबिक, ब्याज दरों की आगे की दिशा को लेकर काफी अनिश्चितता है।
उन्होंने कहा कि अगर आर्थिक हालात ऐसे ही बने रहे और कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं, तो निवेशक ज्यादा रिटर्न मांग सकते हैं। इससे बाजार से पैसा जुटाने की लागत और बढ़ सकती है।

