Manufacturing Sector: भारत में फैक्ट्रियों की रफ्तार तेज, 4 साल में 50 लाख नौकरियां बढ़ीं, कर्मचारियों की सैलरी में भी बड़ा उछाल
भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में तेजी देखने को मिल रही है। फैक्ट्रियों में उत्पादन बढ़ने के साथ रोजगार और कर्मचारियों की सैलरी में भी सुधार हुआ है। सरकारी रिपोर्ट में नौकरियों, निवेश और कमाई से जुड़े कई अहम आंकड़े सामने आए हैं। जानिए किन राज्यों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है।

In Short
- भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार 4 साल में 30% बढ़ा, नौकरियों की संख्या 1.6 करोड़ से 2.1 करोड़ पहुंची।
- FY21 से FY25 के बीच कर्मचारियों को दी जाने वाली कुल मजदूरी में 71% की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
- - मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में अगस्त 2026 में 9% ग्रोथ दर्ज हुई, FY27 में प्राइवेट निवेश ₹3.2 लाख करोड़ रहने का अनुमान।
भारत का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है। फैक्ट्रियों में उत्पादन बढ़ने के साथ नई नौकरियां पैदा हो रही हैं और कर्मचारियों की कमाई में भी सुधार देखने को मिल रहा है। कंपनियां अपना कारोबार बढ़ाने के लिए निवेश कर रही हैं। अक्टूबर 2026 की मंथली इकोनॉमिक रिव्यू में सामने आए आंकड़े बताते हैं कि इस सेक्टर में उत्पादन से लेकर रोजगार, सैलरी और निवेश तक क्या बदलाव हो रहे हैं।
फैक्ट्रियों में उत्पादन की रफ्तार बढ़ी
अक्टूबर 2026 की मंथली इकोनॉमिक रिव्यू के मुताबिक, अगस्त 2026 में इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) सालाना आधार पर 8% बढ़ा। इसमें मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की ग्रोथ 9% रही। सितंबर में कोर इंडस्ट्रीज की ग्रोथ 7.9% दर्ज हुई। वहीं, HSBC इंडिया मैन्युफैक्चरिंग PMI अगस्त के 52.8 से बढ़कर 55.1 पर पहुंच गया।
फैक्ट्रियों में निवेश और कारोबार बढ़ा
एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज (ASI) 2024-25 के मुताबिक, रजिस्टर्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में ग्रॉस वैल्यू एडेड (GVA) पिछले साल के मुकाबले 9.59% बढ़ा। फिक्स्ड कैपिटल में 10.54% की बढ़ोतरी हुई। वहीं, इस सेक्टर में काम करने वाले कुल लोगों की संख्या 7.19% बढ़ी।
चार साल में 50 लाख नौकरियां बढ़ीं
रिपोर्ट के मुताबिक, ऑर्गेनाइज्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार FY21 के 1.6 करोड़ से बढ़कर FY25 में 2.1 करोड़ पहुंच गया। यानी चार साल में रोजगार 30% बढ़ा और करीब 50 लाख अतिरिक्त लोगों को काम मिला।
कर्मचारियों की सैलरी में कितना इजाफा?
FY21 से FY25 के बीच कर्मचारियों को दी जाने वाली कुल मजदूरी में 71% की बढ़ोतरी हुई। वहीं, कुल एमोल्यूमेंट्स यानी सैलरी और दूसरे भुगतान 66% बढ़े। इस दौरान प्रति कर्मचारी नेट वैल्यू एडेड 30% बढ़ा, जबकि प्रति कर्मचारी मजदूरी में 29% का इजाफा हुआ।
किन राज्यों में सबसे ज्यादा रोजगार?
FY25 में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की करीब 56% नौकरियां पांच राज्यों में थीं। तमिलनाडु लगभग 15% हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर रहा। FY21 के बाद बढ़े कुल रोजगार में इन पांच राज्यों की हिस्सेदारी करीब 64% रही। महाराष्ट्र में 7.9 लाख और उत्तर प्रदेश में 6.9 लाख नौकरियां बढ़ीं।
छोटे कारोबारों को मिलेगा ₹10,000 करोड़ का सहारा
इंडस्ट्री को मिलने वाला बैंक क्रेडिट सालाना आधार पर 18.2% बढ़ा है। सरकार ने ₹10,000 करोड़ के SME ग्रोथ फंड को भी मंजूरी दी है। इसका ज्यादातर हिस्सा मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े छोटे और मझोले कारोबारों के लिए होगा। इससे कंपनियों को उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नई टेक्नोलॉजी अपनाने और ग्लोबल मार्केट से जुड़ने में मदद मिलेगी।
आगे कितना निवेश करेंगी कंपनियां?
रिव्यू के मुताबिक, प्राइवेट कंपनियों का कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी कारोबार बढ़ाने के लिए निवेश FY26 के ₹2.6 लाख करोड़ से बढ़कर FY27 में ₹3.2 लाख करोड़ पहुंचने का अनुमान है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनियां आने वाले समय में भी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।


