GIFT City में बैंकों की संपत्ति 60% बढ़कर 193 अरब डॉलर पहुंची! सिंगापुर और हांगकांग को टक्कर देने की तैयारी
भारत का GIFT City अब सिंगापुर और हांगकांग जैसे बड़े फाइनेंशियल हब को टक्कर देने की तैयारी में है। यहां बैंकों की संपत्ति में जबरदस्त उछाल आया है। विदेशी कंपनियों की दिलचस्पी भी बढ़ रही है, लेकिन टैक्स से जुड़ी एक परेशानी ने सवाल खड़े कर दिए हैं। जानिए पूरी कहानी।

In Short
- GIFT City में बैंकों के एसेट्स जून से सितंबर के बीच करीब 60% बढ़कर 193 अरब डॉलर पहुंचे।
- विदेशी करेंसी डिपॉजिट और विदेश से मिलने वाले कर्ज ने GIFT City की ग्रोथ को रफ्तार दी।
- टैक्स नोटिस से बढ़ी चिंता के बीच SEBI और IFSCA डुअल लिस्टिंग का फ्रेमवर्क तैयार कर रहे हैं।
भारत का इंटरनेशनल फाइनेंशियल हब GIFT City तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां विदेशी निवेश और बैंकिंग कारोबार में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। गुजरात में बना यह फाइनेंशियल हब अब सिंगापुर और हांगकांग जैसे बड़े फाइनेंशियल सेंटर को टक्कर देने की कोशिश कर रहा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, GIFT City में बैंकों का कारोबार तेजी से बढ़ने के साथ कुछ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। आइए जानते हैं कि यहां बैंकिंग एसेट्स क्यों बढ़ रहे हैं और आगे क्या बदलाव होने वाले हैं।
तीन महीने में 60% बढ़े बैंकिंग एसेट्स
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, GIFT City में बैंकों के कुल एसेट्स जून के मुकाबले सितंबर के आखिर तक करीब 60% बढ़कर 193 अरब डॉलर पहुंच गए हैं। इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (IFSCA) के आंकड़ों के मुताबिक, जून में यह आंकड़ा 120.69 अरब डॉलर था। IFSCA के चेयरमैन के. राजारमन ने गुरुवार को ब्लूमबर्ग टेलीविजन को दिए इंटरव्यू में इसकी जानकारी दी।
बैंकिंग कारोबार में तेजी की वजह क्या है?
राजारमन के मुताबिक, GIFT City में लगातार हो रही ग्रोथ की सबसे बड़ी वजह क्रेडिट मार्केट है। खासकर बैंकों की तरफ से दी जाने वाली फाइनेंसिंग में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि बैंकिंग एसेट्स बढ़ने के पीछे मुख्य रूप से फॉरेन करेंसी डिपॉजिट और एक्सटर्नल कमर्शियल बॉरोइंग यानी विदेश से लिए जाने वाले कर्ज की बड़ी भूमिका रही है।
RBI की स्कीम से मिला फायदा
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की स्पेशल स्वैप फैसिलिटी ने भी GIFT City में बैंकिंग गतिविधियां बढ़ाने में मदद की। यह सुविधा फॉरेन करेंसी नॉन-रेजिडेंट डिपॉजिट के लिए जून से अगस्त के आखिर तक लागू थी। राजारमन का कहना है कि आने वाले समय में यहां के बैंक भारतीय कंपनियों को देश में कारोबार बढ़ाने और विदेशों में विस्तार करने के लिए पूंजी उपलब्ध कराने का बड़ा जरिया बन सकते हैं।
HSBC समेत कई बड़ी कंपनियां मौजूद
GIFT City में HSBC, स्टैंडर्ड चार्टर्ड और मित्सुबिशी UFJ फाइनेंशियल ग्रुप जैसी बड़ी कंपनियों ने अपना कारोबार स्थापित किया है। यहां कुछ टैक्स और रेगुलेटरी नियमों में छूट मिलती है, जिससे विदेशी कंपनियों के लिए निवेश करना आसान होता है। मिराए एसेट इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स (इंडिया) और जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट जैसी कंपनियां भी यहां काम कर रही हैं।
टैक्स नोटिस ने बढ़ाई चिंता
हालांकि, GIFT City में टैक्स छूट को लेकर कुछ सवाल भी उठे हैं। एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ इन्वेस्टमेंट फंड्स को छूट मिलने के बावजूद असेसमेंट ईयर 2024-25 और 2025-26 के लिए टैक्स नोटिस मिले हैं। राजारमन ने कहा कि सरकार और IFSCA मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कंपनियों को मिलने वाली टैक्स छूट और दूसरी सुविधाएं सही तरीके से लागू हों।
भारतीय कंपनियों को मिलेगा नया मौका
GIFT City में भारतीय कंपनियों की डुअल लिस्टिंग की भी तैयारी चल रही है। इसका मतलब है कि कंपनियां GIFT City के जरिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स से पैसा जुटा सकेंगी। राजारमन के मुताबिक, सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) और IFSCA मिलकर इसके लिए फ्रेमवर्क तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डुअल लिस्टिंग निश्चित रूप से एक लक्ष्य है।

