scorecardresearch

दिल्ली के कारोबार को तगड़ा झटका! महारैली से 2.5 लाख दुकानें बंद रहने का दावा, किसे कितना नुकसान?

दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई महारैली से राजधानी के कारोबार को कितना नुकसान हुआ? व्यापारियों के संगठन CTI ने दावा किया है कि एक ही दिन में ₹11,000 करोड़ का नुकसान हुआ और करीब 2.5 लाख दुकानें बंद रहीं। ट्रांसपोर्ट से लेकर होटल और छोटे कारोबारियों तक पर असर पड़ने की बात कही गई है। जानिए किस सेक्टर को कितना नुकसान हुआ।

Advertisement
रामलीला मैदान की महारैली से दिल्ली के कारोबार को ₹11,000 करोड़ के नुकसान का CTI का दावा, 2.5 लाख दुकानें बंद रहने और ट्रांसपोर्ट प्रभावित होने का अनुमान। (AI Generated Image)
रामलीला मैदान की महारैली से दिल्ली के कारोबार को ₹11,000 करोड़ के नुकसान का CTI का दावा, 2.5 लाख दुकानें बंद रहने और ट्रांसपोर्ट प्रभावित होने का अनुमान। (AI Generated Image)

In Short

  • CTI का दावा है कि 1 नवंबर की महारैली से दिल्ली के कारोबार को करीब ₹11,000 करोड़ का नुकसान हुआ।
  • संगठन के मुताबिक, 2.5 लाख दुकानें बंद रहीं और रिटेल व थोक व्यापार को ₹8,800 करोड़ का नुकसान हुआ।
  • ट्रांसपोर्ट को ₹1,500 करोड़, होटल-टूरिज्म को ₹500 करोड़ और असंगठित क्षेत्र को ₹200 करोड़ के नुकसान का अनुमान है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुई महारैली से राजधानी के कारोबार को भारी नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, रैली के कारण एक ही दिन में करीब 11,000 करोड़ रुपये का कारोबारी नुकसान हुआ। CTI का दावा है कि करीब 2.5 लाख दुकानें बंद रहीं और ट्रांसपोर्ट, होटल, रेस्टोरेंट से लेकर छोटे कारोबारियों तक पर असर पड़ा। हालांकि, ये आंकड़े CTI के सर्वे पर आधारित हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

advertisement

2.5 लाख दुकानें बंद, व्यापार को ₹8,800 करोड़ का नुकसान

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, रामलीला मैदान के आसपास के बाजारों में करीब 3 लाख दुकानें हैं। इनमें से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहीं और 80% कारोबार प्रभावित हुआ।

चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, कश्मीरी गेट, दरियागंज और करोल बाग जैसे प्रमुख बाजारों में व्यापारियों को परेशानी हुई।

CTI का दावा है कि धनतेरस और दिवाली से पहले खरीदारी के अहम समय में आसपास के शहरों से आने वाले लाखों ग्राहक भी बाजार नहीं पहुंचे।

ट्रांसपोर्ट ठप होने से ₹1,500 करोड़ का नुकसान

CTI के मुताबिक, रैली के कारण सेंट्रल दिल्ली में माल की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। लोडिंग और अनलोडिंग का काम रुक गया।

संगठन का कहना है कि दिल्ली के 56 औद्योगिक क्षेत्रों से रोजाना हजारों ट्रक और टेम्पो इन बाजारों में आते-जाते हैं। रास्ते प्रभावित होने से सप्लाई चेन पर असर पड़ा। CTI ने ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को करीब 1,500 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया है।

होटल और छोटे कारोबारियों को भी झटका

CTI के अनुसार, होटल, रेस्टोरेंट और टूरिज्म सेक्टर को करीब 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। संगठन का दावा है कि 2,000 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में बुकिंग रद्द हुई।

वहीं, रेहड़ी-पटरी वालों, ऑटो चालकों, कुलियों और दिहाड़ी मजदूरों जैसे अनौपचारिक क्षेत्र के कामगारों को करीब 200 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

व्यापारियों के नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

CTI ने सवाल उठाया है कि दुकानदारों, फैक्ट्री मालिकों और छोटे व्यापारियों के नुकसान की भरपाई कौन करेगा।

बृजेश गोयल ने कहा कि संगठन का काम व्यापारियों के हितों की बात करना है, राजनीति करना नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि करीब 100 मार्केट एसोसिएशन ने कांग्रेस से रैली टालने की अपील की थी।