
KTM 200 Duke का नया मॉडल लॉन्च! सिर्फ ₹1,552 बढ़ी कीमत- महंगे बाइक वाले फीचर्स भी मिलेंगे
KTM ने अपनी 200 Duke को नए अवतार में लॉन्च कर दिया है। इस बार कंपनी ने बाइक में ऐसे फीचर्स जोड़े हैं, जो आमतौर पर ज्यादा महंगी बाइक्स में मिलते हैं। खास बात यह है कि कीमत में सिर्फ ₹1,552 का इजाफा हुआ है। आखिर नई बाइक में क्या बदला है और राइडर्स को कौन से नए फायदे मिलेंगे? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- नई KTM 200 Duke की एक्स-शोरूम कीमत ₹2,07,140, पुराने मॉडल से सिर्फ ₹1,552 महंगी।
- बाइक में बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर, ट्रैक्शन कंट्रोल और Street व Rain राइडिंग मोड।
- 199.5cc इंजन से 25 bhp पावर, साथ में दो नए कलर और 150-सेक्शन रियर टायर।
KTM ने भारत में अपनी लोकप्रिय स्ट्रीट बाइक 200 Duke का 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस बार बाइक में कई ऐसे फीचर्स जोड़े हैं, जो आमतौर पर ज्यादा महंगी और पावरफुल बाइक्स में देखने को मिलते हैं। नई KTM 200 Duke की कीमत ₹2,07,140 (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। दिलचस्प बात यह है कि इतने सारे नए फीचर्स मिलने के बावजूद बाइक की कीमत पुराने मॉडल से सिर्फ ₹1,552 ज्यादा है।

बिना क्लच दबाए बदल सकेंगे गियर

नई KTM 200 Duke में सबसे बड़ा बदलाव बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर है। इसकी मदद से राइडर बिना क्लच दबाए गियर ऊपर या नीचे कर सकता है। इससे खासकर तेज रफ्तार में गियर बदलना आसान हो जाता है।
बाइक में राइड-बाय-वायर थ्रॉटल भी दिया गया है, जो एक्सेलरेटर को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से कंट्रोल करता है। इसके अलावा ट्रैक्शन कंट्रोल फीचर मिलता है, जो एक्सेलरेशन के दौरान पिछले टायर की पकड़ बनाए रखने में मदद करता है।
बारिश में भी काम आएगा नया फीचर
2026 KTM 200 Duke में दो राइडिंग मोड दिए गए हैं। इनमें Street और Rain शामिल हैं। राइडर सड़क और मौसम की स्थिति के हिसाब से मोड चुन सकता है।

कंपनी ने बाइक में Crawl Assist फीचर भी जोड़ा है, जिसका मकसद ट्रैफिक में बार-बार रुकने और चलने के दौरान राइडिंग को आसान बनाना है। इन फीचर्स को अपडेटेड TFT डिस्प्ले के जरिए मैनेज किया जा सकता है।
इंजन वही, लेकिन हार्डवेयर में बदलाव
नई KTM 200 Duke में पहले वाला 199.5cc सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन 25 bhp की पावर और 19.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यानी इंजन के पावर आंकड़ों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

बाइक में 43mm WP अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क, 320mm फ्रंट ब्रेक डिस्क और पहले से चौड़ा 150-सेक्शन रियर टायर दिया गया है।
दो नए रंगों में मिलेगी बाइक
KTM ने 200 Duke के लिए Liquid Carbon और Slate Grey नाम के दो नए कलर पेश किए हैं। Liquid Carbon में बाइक पहली बार पूरी तरह ब्लैक लुक में नजर आती है।
नई टेक्नोलॉजी, राइडिंग मोड और सेफ्टी फीचर्स के साथ KTM ने 200 Duke को अपडेट किया है, जबकि कीमत में मामूली बढ़ोतरी की है।

